लक्सर। लक्सर पुलिस ने वाहन चोरी के दो मामलों का कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार सीमली निवासी राजीव कुमार की स्पलेंडर प्लस और खानपुर थाना क्षेत्र के तुगलपुर निवासी गोविंद की एचएफ डीलक्स बाइक चोरी होने के मामले दर्ज किए गए थे। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान जिशान (26) निवासी धनपुरा और अहसान (27) निवासी लक्सरी को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में दोनों ने अन्य बाइक चोरी की घटनाओं का भी खुलासा किया, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर कुल पांच मोटरसाइकिल बरामद हुईं। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी पूर्व में भी चोरी की घटनाओं में जेल जा चुके हैं। अहसान के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं। दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

